
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), नीरज धीमान। शहर के ग्रीन वैली इलाके में मंगलवार दोपहर एक घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी व व्यवसायी सतीश गोयल के घर अज्ञात चोरों ने उस समय धावा बोला, जब घर पर कोई मौजूद नहीं था।
बताया जा रहा है कि सतीश गोयल की पत्नी दोपहर करीब 1 बजे नवरात्रों के उपलक्ष्य में सामान लेने बाजार गई हुई थीं। जब वह करीब 2:30 बजे वापस घर लौटीं और मुख्य द्वार खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो घर का अंदरूनी नजारा देख उनके होश उड़ गए। अंदर का दरवाजा टूटा हुआ था और घर की सभी अलमारियां खुली व टूटी पड़ी थीं। कमरों में सामान बिखरा हुआ था, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोर घर के मंदिर से चांदी के भगवान के स्वरूप, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। हालांकि अभी तक चोरी हुए सामान का पूरा आकलन नहीं किया जा सका है।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचने की प्रक्रिया में थी। आसपास के लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है, वहीं नजदीकी रहने वाले लोगों द्वारा इलाके के नजदीकी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर है।













