
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में बुधवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब पंजाब भाजपा मुख्यालय के ठीक बाहर एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के रिहायशी इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि इस प्रारंभिक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। धमाके की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे सेक्टर-37 और भाजपा कार्यालय के आसपास के रास्ते सील कर दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

धमाके का एक संदिग्ध वीडियो भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो संदिग्ध हमलावरों का है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ग्रेनेड हाथ में लेकर भाजपा दफ्तर की तरफ फेंका गया जो एक स्कूटी के पास जाकर फटा है। इसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों अपनी बाइक पर बैठकर मौके से भाग गए। इस बम धमाके का जो वीडियो आया है, उसमें दिख रहा है कि एक हमलावर जेब से ग्रेनेड निकालता है, उसकी पिन खींचता है और फिर भाजपा दफ्तर के बाहर फेंक देता है। इसके बाद वहां से भाग जाता है। पुलिस का कहना है कि दोनों हमलावरों के चेहरे CCTV फुटेज में कैद हो गए हैं और तफ्तीश जारी है।
भाजपा दफ्तर के बाहर हुए धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान आतंकी ने ली है। इस धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक सुखजिंदर सिंह बब्बर ने ली है। सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर बब्बर ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। इस पोस्ट में उसने यह भी धमकी दी है कि पंजाब की धरती खालसा की धरती है। पंजाब में खालिस्तान बनेगा।
पुलिस अधिकारी अभी यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि यह धमाका किस तरह के विस्फोटक से हुआ है, हालांकि मौके से कुछ संदिग्ध अवशेष बरामद किए गए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। इस घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर भी पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।












