
गुरूग्राम (द स्टैलर न्यूज़)। गुरुग्राम के सेक्टर-54 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक डिलीवरी बॉय की कथित रूप से हत्या कर उसका शव लोहे के बॉक्स में छिपा दिया गया। पुलिस ने झुग्गी क्षेत्र से शव बरामद किया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो बिहार के सहरसा जिले के मुरली बसंतपुर गांव का रहने वाला था। वह शहर में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और सेक्टर-54 में एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मृतक का बड़ा भाई उमाशंकर चक्करपुर गांव में रहता है। उमाशंकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे उन्हें अमन के एक दोस्त का फोन आया, जिसने बताया कि उनके भाई की हत्या कर शव को एक लोहे के बॉक्स में छिपा दिया गया है।

सूचना मिलते ही उमाशंकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर झुग्गी इलाके से बॉक्स बरामद किया, जिसमें अमन का शव मिला। पुलिस के अनुसार, शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं, जो तीन से चार दिन पुराने प्रतीत होते हैं। मामले में मृतक के साथ रह रही युवती और उसके एक दोस्त के खिलाफ सेक्टर-53 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और युवती द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।












