
कुरुक्षेत्र (द स्टैलर न्यूज़)। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। बराड़ा रोड पर खदानों के पास 15 से 20 दिन की एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में जमीन पर पड़ी मिली। हैरानी की बात यह रही कि बच्ची की सांसें चल रही थीं, लेकिन उसके शरीर पर कीड़े-चींटियों के काटने के निशान थे और आंख पर भी चोट लगी हुई थी। सुबह करीब 7 बजे प्रवीण बेगम नाम की महिला वहां से दूध लेने के लिए गुजर रही थीं। अचानक उनकी नजर जमीन पर पड़ी मासूम बच्ची पर गई। बच्ची की हालत देखकर उन्होंने तुरंत उसे गोद में उठाया और आसपास के किसानों को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची शाहाबाद थाना पुलिस ने बच्ची को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार बच्ची की उम्र करीब 15 से 20 दिन है और फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस मासूम बच्ची को जंगल में कौन छोड़कर गया? बच्ची वहां कितनी देर से पड़ी थी और उसे इस हालत में छोड़ने की वजह क्या थी? पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बच्ची को वहां छोड़ने वाले शख्स की तलाश में जुटी है।












