
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों प्रारूपों की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। 37 वर्षीय हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 2025 में पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। उन्होंने कहा कि बतौर कप्तान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद अब वह फिर से खेल के प्यार के लिए मैदान पर उतरने को तैयार हैं। हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा, “आज मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों प्रारूपों की कप्तानी से इस्तीफा दे रही हूं। यह आसान फैसला नहीं है। इसमें वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जीवनभर मेरे साथ रहेंगे।”

हरमनप्रीत ने 2016 में भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी संभाली थी। 2022 में उन्हें वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई और 2023 में वह तीनों प्रारूपों की कप्तान बनीं। उनका कप्तानी छोड़ने का फैसला गुवाहाटी में हुई बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद आया। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने की। इसमें हरमनप्रीत के अलावा उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी शामिल हुए। हरमनप्रीत ने कहा, “अब मैं फिर से खेल के प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं। कप्तानी खत्म हुई है, सफर जारी है।” उन्होंने कहा कि वह भावनाओं से भरे दिल के साथ कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन उन्हें इस बात की शांति है कि टीम अच्छी स्थिति में है।












