
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी जिला होशियारपुर के जिलाध्यक्ष नितिन गुप्ता नन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को भ्रष्टाचारियों का अड्डा बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से घिरे लोगों को बचाने में लगे हुए हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुम्मण तथा मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देना इसका स्पष्ट प्रमाण है। नितिन गुप्ता नन्नू ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के ‘कट्टर ईमानदार’ होने के दावे अब लगातार सवालों के घेरे में हैं। पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में ‘ईमानदार सीएम’ के बोर्ड लगाए हैं, लेकिन सरकार की कार्यप्रणाली को देखते हुए जनता अब इन दावों पर सवाल उठा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब के डीजीपी को तीन बार पत्र भेजे जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज न होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि पंजाब सरकार को अपनी पारदर्शिता और ईमानदारी पर इतना ही भरोसा है, तो वह जांच से बचने के बजाय निष्पक्ष जांच का स्वागत क्यों नहीं करती? उन्होंने कहा कि सरकार को जांच एजेंसियों को अपना काम स्वतंत्र रूप से करने देना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में कई नेताओं और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार अथवा मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े गंभीर आरोप और मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों ने पंजाब की जनता के सामने ‘ईमानदार सरकार’ के दावों की वास्तविकता पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। अगर सरकार के हाथ साफ हैं तो निष्पक्ष जांच से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। पंजाब की जनता को सच्चाई जानने का पूरा अधिकार है और जांच के माध्यम से दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए। नितिन गुप्ता नन्नू ने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी और पंजाब की जनता के हित में हर भ्रष्टाचार के मामले को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को भ्रष्टाचार और नशे से मुक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन की आवश्यकता है।












