
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान संजीव तलवाड़ ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में सरकार द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और सरकारी मशीनरी के कथित राजनीतिक दुरुपयोग की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका शाम चुरासी के गांव कक्को की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई पंचायत को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाने के लिए इलाके के विधायक एवं मंत्री डॉ. रवजोत द्वारा कथित तौर पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

संजीव तलवाड़ ने कहा कि जब चुनी हुई पंचायत ने राजनीतिक दबाव के आगे झुकने से इनकार किया तो कथित तौर पर सरकारी तंत्र का पंचायत के खिलाफ इस्तेमाल करते हुए अपने ही डायरेक्टर के आदेशों को दरकिनार कर गांव कक्को में प्रशासक नियुक्त कर दिया गया। तलवाड़ ने कहा कि पंजाब में लोगों ने पंचायतों को वोटों के जरिए चुना है, किसी मंत्री की मर्जी से नहीं। यदि सरकार को पंचायतों के चुनाव के नतीजे पसंद नहीं हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि सरकारी अधिकारियों का कथित तौर पर राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल किया जाए।
तलवाड़ ने कहा कि अधिकारी याद रखें कि सरकारें पांच साल के लिए होती हैं, लेकिन कानून और संवैधानिक संस्थाएं स्थायी होती हैं। किसी राजनीतिक नेता को खुश करने के लिए कानूनी प्रक्रिया को नजरअंदाज करना भविष्य में अधिकारियों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता जतिंदर सिंह लाली बाजवा ने कहा कि चुनी हुई पंचायत को राजनीतिक तौर पर तोड़ने की कोई भी कोशिश लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि अकाली दल गांव-गांव जाकर सरकार की इस कथित धक्केशाही को लोगों के सामने उजागर करेगा।हलका शाम चुरासी के इंचार्ज संदीप सीकरी ने कहा कि डॉ. रवजोत को समझ लेना चाहिए कि लोगों द्वारा चुने प्रतिनिधियों को डराने-धमकाने या सरकारी तंत्र के जरिए दबाने का दौर ज्यादा देर तक नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत के मान-सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों को बहाल नहीं किया गया तो शिरोमणि अकाली दल द्वारा संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर के नाम अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर को मांग पत्र सौंपते हुए अकाली नेताओं ने मांग की कि गांव कक्को की पंचायत के साथ हुई कार्रवाइयों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और यदि किसी अधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। इस मौके पर बार काउंसिल के प्रधान शमशेर भारद्वाज, महासचिव इंदरजीत सिंह कंग, जसविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, गुरविंदर धुग्गा, मनप्रीत संधू, गुरप्रीत कोहली सहित अन्य अकाली नेता उपस्थित थे।












