Thursday, October 22, 2026
Home Himachal हिमाचल प्रदेश में टूटी बांध सुरक्षा दीवार की शीघ्र मरम्मत के लिए...

हिमाचल प्रदेश में टूटी बांध सुरक्षा दीवार की शीघ्र मरम्मत के लिए जिलाधीश ने कांगड़ा प्रशासन को लिखा पत्र

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखकर जिला होशियारपुर के सीमावर्ती गांवों को बाढ़ के खतरे से बचाने हेतु हिमाचल प्रदेश की सीमा में स्थित क्षतिग्रस्त तटबंध (एम्बैंकमेंट) की शीघ्र मरम्मत करवाने का आग्रह किया है।

Advertisements

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि  कार्यकारी इंजीनियर होशियारपुर ड्रेनेज डिवीजन की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार तहसील मुकेरियां के गांव मोतला के सामने एक तटबंध बनाया गया है, जिसका उद्देश्य गांव मोतला तथा आसपास के क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित रखना है। यह तटबंध जिस ऊपरी क्षेत्र में स्थित है, वह हिमाचल प्रदेश के अधिकार क्षेत्र में आता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आई बाढ़ के दौरान हिमाचल प्रदेश क्षेत्र में स्थित इस तटबंध में कटाव आ गया था, लेकिन उसके बाद अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। वर्ष 2025 की बाढ़ के दौरान इसी टूटे हिस्से से लगातार पानी बहने के कारण जिला होशियारपुर के निचले हिस्से के कई गांवों सन्याल, सल्लोवाल, हलेड़ जनार्दन तथा मोतला को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने अपने पत्र में कहा कि चूंकि उक्त तटबंध जिला कांगड़ा के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इसकी मरम्मत करवाना जिला कांगड़ा प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांगड़ा प्रशासन से अनुरोध किया है कि संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी कर तटबंध की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि आगामी मानसून सीजन में जिला होशियारपुर के गांवों को संभावित बाढ़ और नुकसान से बचाया जा सके।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला प्रशासन लोगों की सुरक्षा और बाढ़ प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here