
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। डोडा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिफ मुनीर समर्थन में कथित तौर पर पोस्टर लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तालाश शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति गणपत ब्रिज के पास निर्माणाधीन नेपली फ्लाईओवर पर पोस्टर लगा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और जनव्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पोस्टर चिपकाया जा रहा था। इसमें जियोटैगिंग भी चालू थी। पोस्टर में सबसे ऊपर शहबाज और आसिफ मुनीर की तस्वीर छपी है। इसमें कुछ और लोग भी नजर आ रहे हैं। बाएं ओर पाकिस्तानी झंडा है। फोटो के नीचे हरे रंग के बैकग्राउंड में सफेद रंग में उर्दू में आपत्तिजनकर शब्द लिखे हैं। इसमें पाकिस्तान के समर्थन में नारे लिखने के साथ ही शहबाज और मुनीर की तारीफ में कसीदे गढ़े गए हैं। पोस्टर पर जम्मू कश्मीर यूथ मूवमेंट नाम के एक संगठन का जिक्र है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।












