
अंबाला (द स्टैलर न्यूज़)। अंबाला सैन्य क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के नजदीक बच्चों को स्कूल लेकर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार 6 स्कूली बच्चे घायल हो गए। जिन्हें तुरंत कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी मुताबक हादसा सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुआ जब ऑटो चालक अनिल डिफेंस कॉलोनी से बच्चों को बिठाकर स्कूल जा रहा था। जैसे ही ऑटो सैन्य क्षेत्र के सर्किट हाउस के पास पहुंचा तो अचानक सामने से एक महिला एक्टिवा लेकर आ गई।

चालक ने बताया कि महिला को बचाने के प्रयास में उसने ऑटो को अचानक मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में घायल हुए सभी बच्चे अंबाला कैंट के मिक्की मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं। राहगीरों की मदद से बच्चों को तुरंत अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों का उपचार चल रहा है।












