Monday, October 12, 2026
Home Himachal चुनाव की चाह में बड़े फैसले: किसी ने छोड़ी नौकरी, किसी ने...

चुनाव की चाह में बड़े फैसले: किसी ने छोड़ी नौकरी, किसी ने चुकाया लाखों का कर्ज

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। सुजानपुर नगर परिषद चुनाव इस बार केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि उम्मीदवारों के व्यक्तिगत संघर्ष और बड़े फैसलों की भी कहानी बन गया है। चुनावी मैदान में उतरने की चाह में जहां एक ओर एक उम्मीदवार ने साढ़े 11 लाख रुपये से अधिक का लंबित कर्ज एकमुश्त चुकाया, वहीं दूसरी ओर एक महिला उम्मीदवार ने आशा वर्कर की नौकरी तक छोड़ दी।

Advertisements

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने नामांकन से पहले अपने ऊपर चल रहा करीब 11.60 लाख रुपये का कर्ज ब्याज सहित एकमुश्त जमा कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कर्ज लंबे समय से लंबित था, जिसे चुकाने के बाद ही उनका नामांकन वैध माना गया।

वहीं वार्ड नंबर-7 से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नीलम धीमान ने चुनाव लड़ने के लिए आशा वर्कर के पद से इस्तीफा दे दिया। सरकारी नियमों के तहत आशा वर्कर रहते हुए चुनाव नहीं लड़ा जा सकता, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 38 आपत्तियां दर्ज की गईं, जिससे दिनभर राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। हालांकि प्रशासनिक जांच के बाद सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया गया और सभी 39 नामांकन पत्र वैध पाए गए।

एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला ने बताया कि सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई और नियमों के अनुसार सही पाए जाने पर उन्हें स्वीकार कर लिया गया है। चुनावी मैदान में उतरने के लिए उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए ये कदम इस बात को दर्शाते हैं कि स्थानीय निकाय चुनाव अब केवल राजनीति नहीं, बल्कि व्यक्तिगत त्याग और प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बनते जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here