
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट- अनिल भारद्वाज। राजौरी जिले के कोटदड़ा क्षेत्र में लटकती बिजली की तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। यह भैंस एक गरीब मजदूर की बताई जा रही है। मृत भैंस मो. शब्बीर पुत्र हाजी महमूद निवासी कोटदड़ा, ब्लॉक एवं जिला राजौरी की थी। स्थानीय लोगों के अनुसार भैंस नीचे लटक रही बिजली की तार में करंट आने के कारण मौके पर ही मर गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लटकती बिजली की तारों को लेकर कई बार बिजली विभाग को सूचित किया गया था और किसी बड़े हादसे की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृत भैंस की कीमत लगभग एक लाख रुपये थी और यह गरीब परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन थी। घटना के बाद गांववासियों में रोष व्याप्त है तथा उन्होंने संबंधित विभाग को इस नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।











