
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा मार्च 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रबंधकीय परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों के उन 27 विद्यार्थियों को, जिन्होंने पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त किए, एडीसी मैडम कैप्टन गुरप्रीत कौर द्वारा मेडल और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान एडीसी मैडम कैप्टन गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ये बच्चे केवल अपने परिवारों ही नहीं, बल्कि अपने स्कूलों और पूरे जिले का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में की गई मेहनत और लगन ही भविष्य की सफलता की नींव बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा अभिभावकों और अध्यापकों की भूमिका की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में ऊंची उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अध्यापकों की मेहनत का परिणाम है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री शिक्षा) हरजिंदर कौर ने कहा कि यह गर्व की बात है कि जिले के 27 विद्यार्थियों ने पांचवीं की परीक्षा में पूरे अंक प्राप्त कर नया मानदंड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक विकास और शैक्षणिक प्रगति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीईओ ने अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण का परिणाम होती हैं। उन्होंने अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देने के लिए बधाई दी।
समारोह के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री शिक्षा) अमनदीप शर्मा, जिला कोऑर्डिनेटर सरदार हरमिंदर पाल सिंह, बीपीईओ चरणजीत सिद्धू, बीपीईओ जसविंदर पाल बंसल, बीआरसी रणवीर सिंह सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, विद्यार्थी और अभिभावक भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ नजर आ रहा था।











