
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की जनरल बॉडी मीटिंग लायंस क्लब, सेक्टर 18 चंडीगढ़ में आयोजित की गई, जिसमें लगभग 200 व्यक्तियों ने भाग लिया। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के वरिष्ठ फोटोग्राफरों, जिन्होंने पेशेवर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की, को सम्मानित किया गया। इनमें सबसे प्रमुख सुरेश शर्मा (इंडियानो स्टूडियो) हैं, जिन्हें आर्किटेक्चर फोटोग्राफी में अपने कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा प्राप्त हुई है।

वरिष्ठ फोटोग्राफरों को किया सम्मानित, 9 महीनों में ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज
मीटिंग के दौरान एसोसिएशन के महासचिव सुनील भट्ट ने गवर्निंग बॉडी की ऐतिहासिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस पूरी टीम का नेतृत्व सी.पी.ए. के प्रधान सरोज सिंह चौहान कर रहे हैं, जिन्हें संस्थापक सदस्य एवं कोषाध्यक्ष सुभाष भाटिया का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। ये सभी उपलब्धियां केवल नौ महीनों के बहुत ही कम समय में प्राप्त की गई हैं, जो सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि इन उपलब्धियों में सी.पी.ए. की रजिस्ट्रेशन स्थिति को पूरी तरह अपडेट करना, एसोसिएशन के बैंक खाते को व्यवस्थित करना और सीधे भुगतान प्रणाली के लिए स्कैनर की सुविधा उपलब्ध करवाना, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा स्थानीय शाखा में ज़ीरो बैलेंस खाता खोलने की सुविधा देना, एसोसिएशन की सदस्यता में वृद्धि, पंजाब में आई बाढ़ से राहत के लिए सहायता राशि देना, छोटे साहिबजादों की शहादत को समर्पित शहीदी सप्ताह के दौरान लंगर की सेवा करना तथा आने वाले कुछ महीनों में राज्य स्तरीय फोटो प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रधान सरोज सिंह चौहान को फोटोग्राफर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ पंजाब के संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है, जो कि गर्व की बात है। इस दौरान सी.पी.ए. के चेयरमैन जयपाल सिंह गरचा ने एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।











