Tuesday, October 27, 2026
Home International ‘ब्लू ओरिजिन’ के रॉकेट में लॉन्च पैड पर परीक्षण के दौरान विस्फोट

‘ब्लू ओरिजिन’ के रॉकेट में लॉन्च पैड पर परीक्षण के दौरान विस्फोट

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका की निजी अंतरिक्ष कंपनी ‘ब्लू ओरिजिन’ के एक रॉकेट में लॉन्च पैड पर परीक्षण के दौरान विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के मकान हिल गए और कुछ समय के लिए आसमान नारंगी रंग में दिखाई देने लगा। जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन ने बताया कि उसके न्यू ग्लेन रॉकेट में इंजन दहन परीक्षण के दौरान विस्फोट हुआ। कंपनी ने ‘एक्स’ पर कहा कि सभी कर्मचारियों का पता लगा लिया गया है। आपातकालीन अधिकारियों ने कहा कि धुएं या किसी अन्य संभावित खतरे से कोई जोखिम नहीं है। विशालकाय न्यू ग्लेन रॉकेट को अप्रैल में उस समय रोक दिया गया था, जब इंजन में खराबी के कारण वह एक उपग्रह को गलत कक्षा में छोड़ आया था। यह इस रॉकेट की केवल तीसरी उड़ान थी, जिसका उपयोग ब्लू ओरिजिन नासा के लिए चंद्रमा पर लैंडर भेजने में करना चाहती है।

Advertisements

रात करीब नौ बजे पास के केप केनवरल और कोकोआ बीच में मकान हिलने लगे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर यह जानने की कोशिश की कि आखिर हुआ क्या है। केप केनवरल स्पेस फोर्स स्टेशन का लॉन्च कॉम्प्लेक्स-36 समुद्र तट से दिखाई देता है और इंटरनेट पर जल्द ही नारंगी आग के गोले की तस्वीरें आने लगीं। ब्लू ओरिजिन ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ”आज के ‘हॉटफायर’ परीक्षण के दौरान हमें एक असामान्य घटना का सामना करना पड़ा। जैसे-जैसे हमें अधिक जानकारी मिलेगी, हम जानकारी साझा करेंगे।” न्यू ग्लेन ने 2025 में केप केनवरल से अपनी पहली उड़ान भरी थी। इसका नाम पृथ्वी की परिक्रमा करने वाले पहले अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन के नाम पर रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here