
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। लुधियाना के रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा होने से हड़कंप मच गया। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन (04081) जैसे ही स्टेशन से रवाना होने लगी, अचानक दो डिब्बों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटने से जोरदार धमाका हुआ और स्लीपर कोच का टॉयलेट क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन के दो हिस्सों में बंटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे। हालांकि लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज से डिब्बा टूटा है और पुलिस अधिकारी अभी तक इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि जांच जारी रहने तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता कि डिब्बा धमाके से टूटा है या फिर कंपलिंग टूटने से धमाके की आवाज आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह जब न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन लुधियाना स्टेशन से अभी चलना शुरू ही हुई थी कि अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। यह आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। कपलिंग टूटने के झटके के कारण स्लीपर कोच का शौचालय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस वाकये से पूरी ट्रेन में चीख-पुकार मच गई और यात्री घबराहट में कोच से बाहर की तरफ भागने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारी वहां पहुंच गए। रेलवे के तकनीकी अधिकारियों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।












