Sunday, October 4, 2026
Home Himachal हमीरपुर की बेटी पूनम ठाकुर ने ग्लैमर वर्ल्ड में लहराया परचम

हमीरपुर की बेटी पूनम ठाकुर ने ग्लैमर वर्ल्ड में लहराया परचम

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर की बेटी एवं प्रख्यात प्रशासनिक अधिकारी पूनम ठाकुर सरकारी जिम्मेदारियों के साथ-साथ ग्लैमर और सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, सह प्रवर्तन अधिकारी तथा जिला शिमला की नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत पूनम ठाकुर ने हाल ही में बस्सी पैलेस, हमीरपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स हिमाचल प्रदेश-2026 के ग्रैंड फिनाले में सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।

Advertisements

मिसेज इंडिया द गॉडेस-2026 की प्रथम रनर-अप रह चुकी पूनम ठाकुर आज प्रशासन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और फैशन जगत में एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में उभरकर सामने आई हैं। उनकी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली युवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी।

राज्य कर एवं आबकारी विभाग में 27 वर्षों से अधिक के अनुभव वाली पूनम ठाकुर करदाता जागरूकता, महिला उत्थान और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2024 में राज्य के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल ‘हिमाचल गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें ‘हिमाचल रत्न पुरस्कार-2025’, ‘वूमेन ऑफ एमिनेंस अवार्ड-2025’ तथा फेमटाइम्स मैगज़ीन द्वारा ‘मोस्ट इंस्पायरिंग वूमन सोशल एक्टिविस्ट ऑफ द ईयर-2025’ सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।

हमीरपुर की मूल निवासी पूनम ठाकुर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, हमीरपुर से प्राप्त की तथा बाद में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की डिग्री हासिल की। प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के साथ-साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।

वर्तमान में वे महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ (डोस्टे) जिला शिमला की अध्यक्षा हैं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से महिला कल्याण और कैंसर मुक्त भारत मिशन से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। इसके अतिरिक्त वे हिमाचल प्रदेश की मास्टर ट्रेनर (जीएसटी) हैं और HIPA, HPSIRD, PRTI मशोबरा, SRLM, STC-CCDU मंडी तथा ACSTI शिमला जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में नियमित रूप से प्रशिक्षक एवं अतिथि वक्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं।

पूनम ठाकुर दूरदर्शन हिमाचल के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘जनवाणी’ और ‘देवांशी’ में भी विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लेकर कराधान और सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।

ग्लैमर जगत में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘मिसेज इंडिया : द गॉडेस-2026’ में प्रथम रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें ‘ब्यूटी विद पर्पज़ क्राउन’ और ‘बेस्ट ड्रेस्ड क्राउन’ से भी सम्मानित किया गया।

वे मिस एंड मिसेज एशिया इंटरनेशनल-2026 तथा मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लैमर क्वीन-2026 जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में ज्यूरी सदस्य की भूमिका निभा चुकी हैं। देशभर में आयोजित अनेक फैशन और रनवे शो में उनकी सहभागिता उन्हें ग्लैमर जगत की एक प्रतिष्ठित पहचान प्रदान करती है।

ग्रैंड फिनाले के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए पूनम ठाकुर ने कहा कि अपने गृह जनपद हमीरपुर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और भावनात्मक संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं तथा महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हैं।

उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए स्टेट डायरेक्टर बेविन अत्री और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए मिस यूनिवर्स हिमाचल प्रदेश एवं मिस टीन हिमाचल प्रदेश की विजेताओं को शुभकामनाएं दीं तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here