Sunday, October 4, 2026
Home National नेरी की पेयजल समस्या का मुख्यमंत्री के माध्यम से होगा शीघ्र समाधान:...

नेरी की पेयजल समस्या का मुख्यमंत्री के माध्यम से होगा शीघ्र समाधान: डा. पुष्पेंद्र

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। ग्राम पंचायत नेरी के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा से मिला और क्षेत्र में व्याप्त गंभीर पेयजल समस्या से उन्हें अवगत करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए डॉ. वर्मा को ज्ञापन भी सौंपा।

Advertisements

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत विडंबनापूर्ण स्थिति है कि जिस नेरी क्षेत्र से हमीरपुर शहर और आसपास की लगभग आधी आबादी को पेयजल आपूर्ति की जाती है, उसी क्षेत्र के लोग आज भी पर्याप्त पेयजल सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यह विभागीय स्तर पर गंभीर चिंता का विषय है कि आज तक ग्राम पंचायत नेरी को किसी प्रभावी पेयजल योजना से नहीं जोड़ा गया और ग्रामीणों को वर्षों पुरानी ग्रेविटी आधारित जलापूर्ति व्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया गया है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि पिछले दो दशकों में नेरी क्षेत्र की जनसंख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके चलते पेयजल की मांग भी बढ़ी है। इसके बावजूद जल शक्ति विभाग द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कोई ठोस एवं दीर्घकालिक योजना तैयार नहीं की गई। उन्होंने कहा कि नेरी क्षेत्र प्राकृतिक जल स्रोतों से समृद्ध है, जो सदियों से निरंतर बह रहे हैं, लेकिन इन स्रोतों का वैज्ञानिक ढंग से दोहन एवं संरक्षण कर ग्रामीणों के लिए पर्याप्त भंडारण टैंक और जलापूर्ति योजनाएं विकसित नहीं की गईं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा संबंधित विभाग के साथ विस्तृत चर्चा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और नेरी क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी इस जायज मांग को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके और भविष्य में पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here