
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। कैंसर पीड़ित युवक ने दो पुलिस कर्मचारियों सहित एक होमगार्ड पर थाने में ले जाकर कुकर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार रात को हुई इस घटना की सूचना उसने स्वजन को भी नहीं दी। वीरवार को जब ब्लीडिंग हुई तो वह लाडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने पहुंचा। वहां से उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां वह उपचाराधीन है। शुक्रवार देर रात पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन लाडवा पुलिस थाना में पहुंचे। वह दो घंटे तक थाना में रहे और जांच की। एसपी ने दोनों एएसआई राजेंद्र सिंह और एएसआई संजीव कुमार व होमगार्ड सुमित को निलंबित कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित करने की बात कही जो मामले की जांच करेगी। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट भी की और उसकी टांगों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उसकी टांगें लड़कियों जैसी हैं..।

युवक ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी बैंक में कार्यरत है। बुधवार रात करीब 10 बजे वह तहसील रोड पर निजी काम से गया था। यहां नाके पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया और गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। उसे हवालात में बंद कर दिया। रात करीब 11 बजे उसे हवालात से निकालकर महिला कक्ष चार में बैठा दिया। इस दौरान दो पुलिस कर्मचारियों व एक होमगार्ड ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार मारपीट के बाद आरोपितों ने उसके कपड़े उतरवा दिए और उसके साथ गलत काम किया। उसने शर्म के मारे स्वजन को घटना के बारे कुछ नहीं बताया। जब वह नहाने के लिए बाथरूम में गया तो खून बहने लगा। वह स्वजन को बिना बताए इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा चला गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। एसपी शुक्रवार रात अचानक लाडवा थाने पहुंचे और मामले की जांच की। इसके बाद उन्होंने आरोपित पुलिसकर्मियों और होमगार्ड जवान को निलंबित कर दिया।












