
असम (द स्टैलर न्यूज़)। असम के डिब्रूगढ़ में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद गुस्से में आए केयरटेकर ने परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी। जिसके बाद इस घटना को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की। आरोपी राजू दास, जो उसी घर में किराएदार भी था, को उसके एक साथी के साथ शिवसागर से गुजर रही एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। इससे एक दिन पहले डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में चंद्रकांत और एलिज़ा भुइयां दंपति और उनकी बेटी निहारिका भुइयां को उनके घर में मृत पाया गया था। लिस ने बताया कि कमलाबाड़ी का रहने वाला 30 वर्षीय राजू, अपने पिता से उधार लिए गए 4 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में हार गया था। इसके बाद, कर्ज चुकाने के लिए उसने लूटपाट की साजिश रची।

पूछताछ के दौरान, राजू और उसके साथी अमीर दास ने इन हत्याओं में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों पर लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला किया। सबसे पहले एलिज़ा भुइयां की हत्या की और उसके बाद उनकी बेटी और चंद्रकांत भुइयां (जो ऑयल इंडिया लिमिटेड के रिटायर्ड अधिकारी थे) को मार डाला। इसके बाद वे घर से कीमती सामान लेकर भाग गए। दोनों गुवाहाटी के रास्ते बेंगलुरु जाने की फिराक में थे। हालांकि, गुवाहाटी जाने वाली ‘अवध असम एक्सप्रेस’ में चढ़ने की कोशिश करते समय उन्हें सिमालुगुरी रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से करीब तीन दिन पहले दोनों फोन पर संपर्क में थे, और इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर लूट और हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनके पास से करीब 15000 रुपये की नकदी, करीब 2.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए।












