
हांसी (द स्टैलर न्यूज़)। हांसी में कल बीती शाम सिलेंडर फटने से 3 मकान ढह गए। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए, जिसमें 9 से 10 साल के 2 बच्चे भी हैं। घटना जींद रोड के पास चद्दर पुल एरिया में हुई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिवार को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर कुछ घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

हादसे में नवीन, रामप्यारी, सुनीता की बेटी मीत (4) व बेटा निखिल (11) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डॉयल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने ही एम्बुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पड़ोसियों का कहना है कि प्रताप का पूरा मकान कुछ ही सेकेंड में मलबे में बदल गया। धमाके की आवाज सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। माका इतना भीषण था कि प्रताप के दोनों तरफ बने मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पड़ोसी गोपाल के मकान की भी एक दीवार टूटकर गिर गई। इसके साथ ही दूसरी साइड में बने चांदगीराम के मकान का एक कमरा ढह गया।











