Wednesday, November 18, 2026
Home Latest बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, हालात बेकाबू, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाना व...

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, हालात बेकाबू, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाना व BNP सांसद का घर फूंका

बांग्लादेश (द स्टैलर न्यूज़)। बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भी राजनीतिक हिंसा जारी है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज में एक स्थानीय राजनीतिक नेता की मौत के बाद मंगलवार रात हालात फिर बेकाबू हो गए।  इस दौरान कुछ लोगों ने एक पुलिस थाने और सत्तारूढ़ दल के एक सांसद के घर में आग लगा दी। पुलिस और मीडिया की खबरों के अनुसार, गोपालगंज से सटे फरीदपुर के भांगा इलाके में पुलिस और अब भंग की जा चुकी हसीना की अवामी लीग के समर्थकों के बीच मंगलवार शाम झड़पों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की किसान शाखा के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गोपालगंज के तुंगीपारा उपजिले में अवामी लीग के कई संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद हिंसा शुरू हुई थी। यह अशांति जल्द ही जिले के अन्य हिस्सों और पड़ोसी फरीदपुर तक फैल गई। इस दौरान BNP के एक स्थानीय कार्यालय और कई मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। 

Advertisements

विभिन्न समाचार पत्रों की खबरों के अनुसार, हमलावरों ने गोपालगंज में बीएनपी सांसद एस एम जिलानी के आवास को निशाना बनाया जिसके बाद उनके परिवार के सदस्य और अन्य लोग वहां से बचकर भाग गए। इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि जिलानी कहां हैं। उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। हिंसा की यह ताजा घटना गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों के उग्र प्रदर्शन के महज दो दिन बाद हुई है। उन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के वाहनों और प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और तुंगीपारा पुलिस थाने के प्रभारी को उनके पदों से हटा दिया था।

ढाका में पुलिस ने बताया कि ”अज्ञात उपद्रवियों” ने रात आठ बजकर 45 मिनट से 11 बजकर 15 मिनट के बीच करीब चार खड़ी बसों में आग लगा दी और राजधानी के विभिन्न स्थानों पर देसी बम से विस्फोट किए। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। देश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जाएगा। तुंगीपारा के एक स्थानीय पत्रकार ने बताया कि सैकड़ों लोगों ने पुलिस थाने को घेर लिया था, जिसके बाद पुलिसकर्मी थाना खाली करके चले गए। इससे पहले थाने में करीब 30 संदिग्ध कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here