
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्र सरकार ने ईंधन के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स में बड़ा बदलाव किया है। डीजल और विमान ईंधन यानी ATF के निर्यात पर टैक्स बढ़ा दिया गया है। डीजल पर निर्यात शुल्क 11.50 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 11 रुपये से बढ़ाकर 12.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। हालांकि, पेट्रोल के निर्यात पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें 16 नवंबर से लागू हो गई हैं।

यह तीन सप्ताह से भी कम समय में निर्यात शुल्क में दूसरी बढ़ोतरी है। सरकार ने इससे पहले 31 अक्टूबर को डीजल पर शुल्क 8.50 रुपये से बढ़ाकर 11.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 10.50 रुपये से बढ़ाकर 11 रुपये प्रति लीटर किया था। उसी समय पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाला 2.50 रुपये प्रति लीटर का शुल्क समाप्त कर दिया गया था।
सरकार ने पश्चिम एशिया में संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच मार्च में विंडफॉल टैक्स की व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के अनुसार निर्यात शुल्क में बदलाव किया जाता है।












