
भूटान (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्टः नव ठाकुरीया। दक्षिण एशिया के दो पड़ोसी देशों के बीच गहरे संबंधों को रेखांकित करते हुए भूटान ने 1 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘जांगचूब चोर्टेन’ (Jangchub Chorten) समर्पित कर भारत के प्रति सद्भावना का संदेश दिया। इस समारोह में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे शामिल हुए, जबकि भारत की ओर से केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम में हजारों भूटानी नागरिक भी उपस्थित थे। राजा जिग्मे ने बताया कि यह पहल जलविद्युत, बुनियादी ढांचे, व्यापार, शिक्षा और कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई दिल्ली के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करती है। इसमें विशेष रूप से आगामी ‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ (Gelephu Mindfulness City) परियोजना में भारत के सहयोग को भी मान्यता दी गई है। ‘चोर्टेन’ तिब्बती भाषा का शब्द है, जो बौद्ध स्तूप की पारंपरिक वास्तुकला को दर्शाता है। इनमें धार्मिक ग्रंथ और पवित्र अवशेष रखे जाते हैं, जिससे ये प्रार्थना, सम्मान और श्रद्धा के महत्वपूर्ण केंद्र बनते हैं।

भूटान ने इस अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया। देश के दक्षिणी हिस्से में गेलेफू स्थित ‘माउ छू’ (Mau Chhu) नदी के किनारे महज नौ घंटे के भीतर 108 बौद्ध स्मारकों को एक साथ स्थापित और प्रतिष्ठित किया गया। इनमें प्रत्येक संरचना 15 मीटर ऊंची है और एक-दूसरे से 108 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस तरह 11 किलोमीटर से अधिक लंबा एक स्मारकीय गलियारा तैयार हुआ है। इसी श्रृंखला में ‘जांगचूब चोर्टेन 76’ प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया गया। उल्लेखनीय है कि मार्च 2024 में अपनी भूटान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ (Order of the Druk Gyalpo) से भी सम्मानित किया गया था। इस धार्मिक आयोजन में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आए लाखों स्वयंसेवकों और अन्य लोगों ने भाग लिया। यह दिन भूटान के राजा जिग्मे के राज्याभिषेक की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर भी पड़ा, जो 1 नवंबर 2008 को हुआ था। 21 फरवरी को ‘प्रोजेक्ट 108’ के रूप में घोषित यह पहल भूटान की महत्वाकांक्षी 2,600 वर्ग किलोमीटर में फैली पर्यावरण-अनुकूल स्मार्ट सिटी परियोजना ‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ से जुड़ी है। यह परियोजना असम और पश्चिम बंगाल की सीमाओं के निकट विकसित की जा रही है। ‘ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस’ (सकल राष्ट्रीय खुशी) के दर्शन को बढ़ावा देते हुए भूटान भौतिक विकास के पारंपरिक पैमाने यानी सकल घरेलू उत्पाद (GDP) से ऊपर मानवीय खुशहाली को महत्व देता है। इसी दर्शन पर आधारित GMC प्रकृति और सामाजिक सद्भाव के बीच संतुलन कायम करते हुए एक विश्वस्तरीय शहर विकसित करने की नई परिकल्पना प्रस्तुत करती है।
इस नियोजित प्रशासनिक क्षेत्र का उद्देश्य भूटान की पहचान को संरक्षित रखते हुए दुनिया भर के पर्यटकों, प्रतिभाओं और निवेश को आकर्षित करना है। राजधानी थिम्पू से लगभग 240 किलोमीटर दूर स्थित इस प्रस्तावित शहर को दुनिया का पहला ‘माइंडफुलनेस सिटी’ यानी सचेतन शहर बताया गया है। यहां टिकाऊ बुनियादी ढांचे के विकास के साथ सभी हितधारकों के बीच मानसिक जागरूकता और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निवेश आमंत्रित किए जा रहे हैं। वर्तमान में गेलेफू की आबादी लगभग 10,000 है, जिसके 2065 तक बढ़कर दस लाख (एक मिलियन) तक पहुंचने की उम्मीद है। इस शहर के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अलग कानूनी ढांचा विकसित करने की योजना है, जिससे यह थिम्पू से स्वतंत्र रूप से अपना कामकाज संचालित कर सकेगा। 2029 तक पूरा होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अन्य लॉजिस्टिक सुविधाओं के साथ GMC का लक्ष्य भारत के साथ क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करना है। एक ‘कार्बन नेगेटिव’ क्षेत्र के रूप में विकसित होने वाली इस परियोजना में 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल की योजना है। इसके लिए जलविद्युत संयंत्रों के साथ सौर, पवन और भू-तापीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग किया जाएगा।
शहरवासियों की जरूरतों के लिए कम से कम 30 मेगावाट नवीकरणीय जलविद्युत और सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिसे भविष्य में 500 मेगावाट तक बढ़ाने की क्षमता है। अपनी कम से कम 60 प्रतिशत भूमि पर वन क्षेत्र बनाए रखने का संकल्प लेते हुए GMC जैव विविधता बढ़ाने, जल गुणवत्ता में सुधार करने और बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। भूटान के आध्यात्मिक अतीत और डिजिटल भविष्य के बीच एक सेतु के रूप में परिकल्पित GMC में प्राकृतिक परिवेश के बीच विश्वस्तरीय शिक्षण संस्थानों और विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। भूटान की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर निर्भर है, जबकि GMC को विभिन्न क्षेत्रों से राजस्व अर्जित करने वाले आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। ‘लैंड ऑफ द थंडर ड्रैगन’ के नाम से प्रसिद्ध भूटान की सीमा भारत के सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश और असम से लगभग 700 किलोमीटर तक लगती है। वर्तमान में एक नए रेल नेटवर्क के लिए शुरुआती काम चल रहा है, जो भूटान को असम के कोकराझार और पश्चिम बंगाल के बनारहाट से जोड़ेगा। कोकराझार-गेलेफू रेल लिंक पूरी तरह विद्युतीकृत है और इसे भारत तथा भूटान के बीच पहला रेल संपर्क माना गया है। इस रेल मार्ग की लंबाई 69.04 किलोमीटर है। सीमा पार की यह रेल परियोजना असम में बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन के प्रशासनिक मुख्यालय को गेलेफू से जोड़ेगी। इसके मार्ग में बालाजन, गरुभाषा, रुनीखाता, शांतिपुर और दादगिरी जैसे इलाके शामिल होंगे। आगे चलकर कोकराझार को लगभग 70 किलोमीटर लंबे नए रेल ट्रैक के जरिए औद्योगिक केंद्र बोंगाईगांव से जोड़ने की योजना है। इससे गेलेफू को गुवाहाटी, सिलीगुड़ी और कोलकाता सहित पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों से रेल संपर्क उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा। इसके अलावा गेलेफू को गुवाहाटी से जोड़ने के लिए बेहतर चार-लेन वाली सड़क विकसित करने की भी योजना है।












