
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के झालावाड़ जिले में हादसा होने की सूचना प्राप्त हुई है। जहां भारी बारिश के कारण मनोहरथाना क्षेत्र के पीपलोदी गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल के पुराने भवन की अचानक छत गिर गई। इस हादसे में स्कूल में पढ़ रहे कई बच्चे मलबे में दब गए। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार घटना के वक्त करीब पचास से भी ज्यादा छात्र कक्षा में मौजूद थे। तुरंत ग्रामीण और शिक्षक मलबा हटाने में जुट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने निजी साधनों से घायलों को मनोहरथाना के सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

जेसीबी मशीन की सहायता से मलबा हटाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य जारी है और कई बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सात बच्चों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। दस बच्चों को झालावाड़ रेफर किया गया है, जिनमें से तीन से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल का भवन काफी पुराना था और बारिश के दौरान पहले भी पानी टपकने की शिकायतें की जा चुकी थीं। कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने कोई सुध नहीं ली।











