
हैदराबाद (द स्टैलर न्यूज़)। भारत में एक सड़क का नाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखा गया है। हैदराबाद शहर में ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ के नाम से एक सड़क जानी जाएगी। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से सटी सड़क का नाम बदलकर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखने के उपलक्ष्य में एक औपचारिक पट्टिका का अनावरण किया। तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद शहर की एक सड़क का नाम अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का फैसला किया था।

हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट नानकरामगुडा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की इमारत के पास मौजूद इस अहम सड़क का नाम अब आधिकारिक तौर पर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ कर दिया गया है। इससे पहले, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में US-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के सालाना सम्मेलन को संबोधित करते हुए हैदराबाद की अहम सड़कों का नाम बड़ी ग्लोबल कंपनियों के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया था। इसके अलावा, Google Maps और पूरी कंपनी के ग्लोबल असर और योगदान को देखते हुए, एक अहम सड़क का नाम ‘Google Street’ रखने का फैसला किया गया है।












