Sunday, October 25, 2026
Home Hoshiarpur लोकतंत्र का गला घोंट रही पंजाब सरकार, भाजपा उम्मीदवारों को नामांकन से...

लोकतंत्र का गला घोंट रही पंजाब सरकार, भाजपा उम्मीदवारों को नामांकन से रोकने की साजिश: निपुण शर्मा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने होशियारपुर नगर निगम चुनाव के नामांकन प्रक्रिया में पंजाब सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने पर उतर आई है।

Advertisements

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने के दौरान जानबूझकर विभिन्न बहानों से कार्यालय से बाहर भेजा जा रहा था, कभी कोई नया दस्तावेज़ लाने के लिए कहा जाता है तो कभी अनावश्यक आपत्तियां लगाकर उम्मीदवारों को घंटों तक उलझाया गया । इस सुनियोजित षड्यंत्र का उद्देश्य केवल इतना था कि नामांकन का समय समाप्त हो जाए और भाजपा के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर ही न सकें।

निपुण शर्मा ने कहा कि यह केवल भाजपा के उम्मीदवारों के अधिकारों का हनन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। पंजाब सरकार प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जो अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी भाजपा उम्मीदवार का नामांकन गैर-कानूनी तरीके से खारिज किया गया या नामांकन दाखिल करने में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की गई, तो भारतीय जनता पार्टी इस अन्याय के विरुद्ध चुनाव आयोग, न्यायालय और जनता के बीच पूरी मजबूती से आवाज़ उठाएगी। लोकतंत्र की हत्या का यह प्रयास किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

जिला अध्यक्ष ने पंजाब राज्य चुनाव आयोग से मांग की कि पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष और पारदर्शी नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोकतंत्र की गरिमा और जनता का विश्वास कायम रह सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here