Thursday, October 22, 2026
Home Himachal भरमौर में हादसाः सड़क से 300 फीट नीचे नाले में गिरी कार,...

भरमौर में हादसाः सड़क से 300 फीट नीचे नाले में गिरी कार, 3 की मौत, 2 गंभीर

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश में चंबा जिला के जनजातीय उपमंडल भरमौर में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सामरा-उरेई लिंक रोड पर सारणी का नाला के समीप एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अल्टो कार लूणा से वाया सामरा होकर रूहनुकोठी की ओर जा रही थी। सारणी का नाला के समीप अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार करीब 300 फीट गहरी खाई में गिरते हुए नाले में जा पहुंची।

Advertisements

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला तथा उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। हादसे में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का उपचार जारी है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here