Tuesday, October 13, 2026
Home Crime पत्नी ने पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऊपर से...

पत्नी ने पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऊपर से लगवा दी टाइल्स, 45 दिनों बाद खुला राज

उत्तरप्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। महिला करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही और थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। पुलिस ने पूछताछ के दौरान महिला के कबूलनामे के बाद बाथरूम की खुदाई कर शव बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ रहते थे। 18 मई को रूबी ने पति के लापता होने की जानकारी दी थी और 26 मई को सिकंदरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तब से वह परिजनों को भी यही बताती रही कि उसका पति लापता है।

Advertisements

मामले में नया मोड़ तब आया जब सुरेंद्र के बड़े भाई ने पुलिस को रूबी के संदिग्ध व्यवहार की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और शुक्रवार को सत्यापन के बहाने रूबी के घर पहुंची। पुलिस को देखकर वह घबरा गई, जिससे संदेह और गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार कर ली। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम की टाइल्स हटाकर खुदाई कराई, जहां से शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर झगड़ा करता था, जिससे वह परेशान थी। उसने पहले सास और दोनों बेटियों को बहाने से जेठ के घर भेज दिया। इसके बाद पति के लिए खीर बनाई, जिसमें 20 से अधिक नींद की गोलियां मिला दीं। पति के गहरी नींद में जाने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को बाथरूम में दफना दिया। बाद में मिस्त्री बुलाकर फर्श बनवाया और नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को शक न हो। आरोप है कि घटना के बाद रूबी दूसरे जेठ के घर गई और बताया कि सुरेंद्र घर से तीन हजार रुपये लेकर कहीं चला गया है तथा मोबाइल भी घर पर छोड़ गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या में कोई और शामिल था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here