
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों द्वारा पुलिस के काफिले और एक पुलिस थाने पर किए गए हमलों में तीन पुलिसकर्मी मारे गए और 34 अन्य घायल हो गए। लोअर दिर जिले में आतंकवादियों ने पुलिस के एक काफिले पर हथगोलों और स्वचालित हथियारों से हमला किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी मारे गए और 19 घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह हमला हैदर के पास लादम टॉप के पास हुआ, जब गाड़ियों का काफिला उस इलाके से गुजर रहा था। हमलावरों ने पहले हथगोले फेंके और फिर काफिले पर जबरदस्त गोलीबारी की। हमले के दौरान हमलावरों ने पुलिस की दो गाड़ियों में भी आग लगा दी। घायल कर्मियों को अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने कहा कि स्थिति साफ होने पर और जानकारी दी जाएगी।

इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक अलग घटना में, सुरक्षा बलों ने बन्नू जिले के मिरयान पुलिस थाने पर आत्मघाती हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। उन्होंने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को उसके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोककर नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान हुई गोलीबारी के दौरान चार हमलावर मारे गए। हमले में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए पेशावर ले जाया गया। बन्नू जिले के पुलिस अधिकारी कैप्टन (सेवानिवृत्त) मुहम्मद फुरकान बिलाल ने घटना की पुष्टि की और कहा कि स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।












