
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला बार एसोसिएशन ने एलएडीसी पॉलिसी के विरोध में प्रधान पीएस घुम्मण की अगुवाई में भूख हड़ताल शुरु की। इस मौके पर वकीलों ने पॉलिसी का विरोध जताया और सरकार से मांग की कि इसे तुरंत रद्द किया जाए। क्योंकि यह प्रैक्टिस कर रहे वकीलों और वकालत में भविष्य बनाने वाले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और उनमें कानून का डर खत्म हो जाएगा। क्योंकि, जब सरकार ही अपराधियों को पकड़ेगी और फिर सरकार ही उन्हें वकील मुहैया करवाएगी तो ऐसे में न्याय की उम्मीद कहां रह जाती है।

इस अवसर पर प्रधान घुम्मण, सचिव नवजिंदर सिंह बेदी के अलावा समस्त उपस्थित वकीलों ने पॉलिसी का जमकर विरोध किया और सरकार से इसे रद्द करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इसे रद्द न किया तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। इस दौरान एसोसिएशन द्वारा शुरु किए संघर्ष का समर्थन करते हुए सीनियप एडवोकेट वीके गुप्ता ने मीडिएटर का पद छोड़ने की घोषणा की और कहा, कि वह एसोसिएशन के साथ हैं तथा इस पॉलिसी को रद्द करवाकर रहेंगे।












