Tuesday, September 22, 2026
Home Hoshiarpur हनुमान जी की प्रतिमा के सामने शराब का ठेका बंद करवाने को...

हनुमान जी की प्रतिमा के सामने शराब का ठेका बंद करवाने को लेकर शिवसेना हिंदुस्तान ने एडीसी को सौंपा ज्ञापन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर को संतों एवं महापुरुषों की पावन नगरी बताते हुए शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी जनरल गुरप्रीत कौर को मांग-पत्र सौंपकर मंगुवाल मार्ग पर हनुमान जी की प्रतिमा के ठीक सामने तथा आशा देवी माता मंदिर से पहले स्थित शराब के ठेके एवं हाते को तत्काल बंद करवाने की मांग की। राजेंद्र राणा ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थान के ठीक सामने शराब का ठेका एवं हाता संचालित होना श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। आगामी नवरात्रों के दौरान पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस क्षेत्र में पहुंचेंगे। ऐसे में प्रशासन को श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

Advertisements

एडीसी गुरप्रीत कौर ने दिया तत्काल कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर एडीसी जनरल गुरप्रीत कौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग से तत्काल बात कर आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि नियमों के अनुसार उक्त स्थान पर शराब का ठेका संचालित किया जाना अनुचित पाया जाता है, तो उसे तत्काल बंद करवाया जाएगा। एडीसी जनरल गुरप्रीत कौर ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस मामले में एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग से बात हो चुकी है तथा ठेके को तत्काल बंद करवाने के संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में विधायक ब्रह्मशंकर जिंपा ने भी उठाया मुद्दा
राजेंद्र राणा ने बताया कि सुबह प्रशासन के साथ हुई बैठक के दौरान मौजूदा विधायक ब्रह्मशंकर जिंपा के समक्ष भी इस गंभीर विषय को प्रमुखता से उठाया गया था। उन्होंने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उक्त ठेके के संबंध में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
राजेंद्र राणा ने कहा कि विधायक द्वारा दिए गए निर्देशों तथा प्रशासन द्वारा मामले को संज्ञान में लिए जाने के बाद अब एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की ओर से ठेके को बंद करवाने के संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए जा रहे हैं। राणा ने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुसार शीघ्र कार्रवाई करेगा।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
जिला अध्यक्ष राजिंदर शिंदा ने कहा कि शिवसेना हिंदुस्तान ने स्पष्ट कर दिया है कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद ठेका बंद नहीं करवाया गया, तो मोजूदा प्रशासन को चेतावनी दी
संगठन चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगा। राजिंदर शिंदा ने कहा कि समस्त धार्मिक एवम सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर
आंदोलन को धरना-प्रदर्शन से लेकर पुतला फूंक प्रदर्शन और आमरण अनशन तक ले जाया जाएगा। शिवसेना हिंदुस्तान सरकार और प्रशासन तक जनता तथा श्रद्धालुओं की आवाज मजबूती से पहुंचाएगी।

राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रशासन ने अब मामले में तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया है और संगठन को उम्मीद है कि हनुमान जी की प्रतिमा के सामने स्थित शराब का ठेका नवरात्रों से पहले बंद करवाकर श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर एस.एम. सिद्ध, प्रदेश अध्यक्ष भगवान वाल्मीकि गुरु रविदास सेना, ऑल इंडिया शिरोमणि मंदिर प्रबंधक कमेटी के जिला अध्यक्ष राजिंदर शिंदा, बिट्टू लंगेरी, अमित राणा, अमन राणा, भूपिंदर कुमार, अमन शर्मा, राजकुमार जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here