Monday, October 12, 2026
Home Jammu & Kashmir श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे का राजौरी में पुष्पवर्षा से...

श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे का राजौरी में पुष्पवर्षा से स्वागत

जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), अनिल भारद्वाज। जम्मू संभाग के अंतर्गत सीमावर्ती जिला पुंछ के मंडी गांव राजपुरा स्थित श्री बूढ़ा अमरनाथ धाम ( बाबा चट्टानी) की वार्षिक यात्रा सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुई। दस दिवसीय यात्रा के पहले जत्थे का राजौरी पहुंचने पर यात्रा मैदान स्थित मुख्य शिविर में पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा समिति, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा राजौरीवासियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। डोल नगाड़ों व पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत हुआ। देश के बाहरी राज्यों से आने वालों श्रद्धालाओं की संख्या दो हजार से ऊपर थी।
राजौरी में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राजगुरु श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज ने ध्वजारोहण कर यात्रा के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। इससे पहले यात्रा का पहला पड़ाव राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र में रहा, जहां धार्मिक संगठनों के सदस्यों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कुछ समय विश्राम और जलपान के बाद श्रद्धालु नौशहरा के टीसीपी पहुंचे और वहां से राजौरी के लिए रवाना हुए।

Advertisements

दोपहर बाद श्रद्धालुओं का जत्था राजौरी यात्रा मैदान स्थित मुख्य शिविर पहुंचा। यहां राजगुरु श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज, यात्रा समिति के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों, बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में राजौरीवासी मौजूद रहे। जैसे ही श्रद्धालुओं का जत्था यात्रा मैदान पहुंचा, ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालुओं ने नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया और राजौरीवासियों की ओर से मिले प्रेम एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज और अन्य गणमान्य लोगों ने यात्रा को झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करते हुए उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुंछ की ओर रवाना किया गया। मंगलवार सुबह पुंछ स्थित अखाड़ा मंदिर से श्रद्धालुओं का जत्था मंडी के राजपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होगा, जहां श्रद्धालु बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी धाम में भगवान भोलेनाथ के दर्शन करेंगे। इस अवसर पर विहिप अध्यक्ष कर्ण ठाकुर, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख संगठन मंत्री नवीन महाजन, नेत्र सिंह ठाकुर, सुभाष चंद्र, आत्म गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्भय होकर यात्रा करने तथा भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देने का आह्वान किया।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा निगरानी

यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह मजबूत किया गया है। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग-144ए से लेकर मंडी मार्ग तक संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य निगरानी साधनों के माध्यम से यात्रा मार्ग पर ‘तीसरी आंख’ से पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here