Thursday, October 29, 2026
Home Chandigarh पंजाब के पीएम श्री स्कूलों में विद्यार्थियों के रचनात्मक लेखन और पठन...

पंजाब के पीएम श्री स्कूलों में विद्यार्थियों के रचनात्मक लेखन और पठन कौशल विकास के लिए विशेष फंड जारी

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़), नीरज धीमान: पंजाब राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने राज्य के पीएम श्री स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के रचनात्मक लेखन और पठन कौशल को विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पंजाब के 356 पीएम श्री स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष फंड जारी किए गए हैं।

Advertisements

प्रोजेक्ट इनोवेशन के तहत प्रति विद्यार्थी 75 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना के लिए 23 जिलों के 2,14,221 विद्यार्थियों के लिए कुल 1,60,66,575 रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि पैदा करना, उनके लेखन में सुधार करना और उनमें आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता व संचार कौशल का विकास करना है।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, 75 रुपये में से 40 रुपये मुख्य कार्यालय द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से भेजी गई लेखन सामग्री की फोटोकॉपी विद्यार्थियों को देने पर खर्च किए जाएंगे। शेष 35 रुपये का उपयोग पुस्तकालय के लिए समाचार पत्रों के छात्र संस्करण मंगाने, पठन प्रतियोगिताएं आयोजित कर पुरस्कार या प्रमाणपत्र देने, अथवा किसी साहित्य विशेषज्ञ का व्याख्यान आयोजित कर उन्हें सम्मान राशि देने में किया जाएगा। इसके अलावा, भाषा शिक्षक प्रोजेक्टर की मदद से इंटरनेट पर उपलब्ध डिजिटल साधनों का उपयोग कर कक्षा में गतिविधियां भी करवा सकते हैं।

इन गतिविधियों का आयोजन अगस्त 2026 से सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। योजना के सफल संचालन के लिए स्कूल स्तर पर एक समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें स्कूल प्रमुख, तीन वरिष्ठ भाषा शिक्षक और एसएमसी के अध्यक्ष या सदस्य शामिल होंगे। विभाग ने 30 सितंबर 2026 तक सभी आवंटित राशि का उपयोग नियमों के अनुसार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here