
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बसी गुलाम हुसैन स्थित यज्ञ स्थल पर आयोजित होने वाले 2100 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ के लिए भूमि पूजन एवं ध्वज स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर के आध्यात्मिक प्रमुख महंत स्वामी उदय गिरी जी की उपस्थिति में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान यज्ञ स्थल पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार महायज्ञ की तैयारियों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी विश्वास, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व कल्याण के उद्देश्य से स्वामी उदय गिरी जी के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे इस महायज्ञ में सभी श्रद्धालुओं को परिवार सहित भाग लेकर आहुति अर्पित करनी चाहिए।

विधायक जिम्पा ने कहा कि स्वामी उदय गिरी जी द्वारा इसी स्थान पर गत फरवरी माह में 1101 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ का आयोजन भी करवाया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े धार्मिक आयोजन संत-महात्माओं की प्रेरणा, श्रद्धा और दृढ़ संकल्प से संपन्न होते हैं। स्वामी उदय गिरी जी अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत स्वामी बसंत गिरी जी महाराज द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए परमार्थ और जनकल्याण के कार्य कर रहे हैं। भूमि पूजन एवं ध्वज स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा यज्ञ स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण सैनी, पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, डॉ. हर्षविंदर सिंह पठानिया, मार्केट कमेटी होशियारपुर के सचिव विनोद कुमार शर्मा, प्रिंसिपल आरती सूद, स्वामी पुरुषोत्तमानंद, संत बाबा रणजीत सिंह, स्वामी रामशरण दास, पंडित ओंकार नाथ, संजीव तलवाड़, राजन सैनी, वरिंदर, पूर्व सरपंच नरवीर सिंह नंदी, सरपंच सुखजिंदर सिंह, संजीव सिंगला, हरीश खोसला, कृष्ण गोपाल आनंद, भारत भूषण वर्मा और रामतीर्थ लाडी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।












