
पानीपत (द स्टैलर न्यूज़)। पानीपत के शिव नगर स्थित एक धागा फैक्टरी में आज सुबह भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। मृतक की पहचान रिशु के रूप में हुई है। घायल मजदूर धनेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल से रेफर कर दिया गया। हादसा किशनपुरा के पास शिव नगर के इंडस्ट्रियल एरिया में श्मशान के पीछे स्थित गुप्ता फैक्टरी में हुआ। फैक्टरी में धागा बनाने का काम होता था। मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग की 5 गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में रिशु की मौत हो गई, जबकि धनेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया। पानीपत फायर ब्रिगेड के लीडिंग फायरमैन एवं नोडल अधिकारी अमित गोस्वामी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है और दूसरा घायल है। फैक्टरी में लगी आग की वजह अभी साफ नहीं है। टीम जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।












