
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। माछीवाड़ा इलाके में माता श्री नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से जा टकराया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक महिला तथा दो बच्चों सहित कुल 3 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस भयानक हादसे में 27 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए माछीवाड़ा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरा यह टेंपो हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री नैना देवी के दर्शन करने के बाद वापस माछीवाड़ा लौट रहा था। टेंपो में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। देर रात जब टेंपो माछीवाड़ा के नजदीक पहुंचा, तो सड़क पर खड़े एक टिप्पर के साथ इसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। रात के अंधेरे और अचानक हुई इस टक्कर से टेंपो में सवार यात्रियों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











