
-प्रशासन और पुलिस के रोकने के बावजूद विधायक अरोड़ा ने संगत दर्शन में सी.एम. के सामने रखी अपनी बात-अरोड़ा ने कहा, संगत दर्शन करना ही है तो उनके साथ चलकर श्रद्धालुओं की समस्याएं देखें-होशियारपुर। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा जे.सी.टी. चौहाल में किए गए संगत दर्शन दौरान उस समय प्र्रशासन की सांसें फूल गऊ जब कांग्रेसी विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा मुख्यमंत्री से मिलने संगत दर्शन में पहुंच गए। संगत दर्शन में जा रहे विधायक अरोड़ा को पुलिस ने यह कहकर रोकने का प्रयास किया कि आप उनसे लंच टाइम में अकेले में मिलें। परन्तु श्री अरोड़ा ने कहा कि वे संगत दर्शन में ही उनसे मिलेंगे तथा अपनी बात रखेंगे, क्योंकि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा प्रदेश में किए जा रहे संगत दर्शन कार्यक्रम राजनीतिक ड्रामा हैं और वोटें हासिल करने की साजिश हैं। जबकि मुख्यमंत्री को श्रावण माह के नवरात्रों के मेले दौरान प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए किए गए घटिया प्रबंधों को देखना चाहिए, जिसके चलते श्रद्धालुओं को कई प्रकार की समस्याएं से गुजरना पड़ रहा है।
संगत दर्शन दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के समक्ष जहां उन्होंने लिखित तौर पर कुछ मामलों से उनको अवगत करवाया वहीं मौखिक तौर पर बताया कि अगर वे संगत दर्शन करना ही चाहते हैं तो वे माता चिंतपूर्णी के दर्शनों को जा रहे श्रद्धालुओं से मिलें जोकि प्रशासन के कुप्रबंधों के कारण दुखी हैं और समस्याओं से गुजर रहे हैं। इस मौके पर विधायक अरोड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष वे समाचार पत्र भी रखे जिनमें प्रशासन के घटिया प्रबंधों की मुंह बोलती तस्वीर पेश की गई थी। मेले दौरान बड़ा हादसा होने के बावजूद प्रशासन ने सुचेत होना जरुरी नहीं समझा। विधायक अरोड़ा ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे उनके साथ चलकर होशियारपुर का हाल देखें ताकि उन्हें यहां की असल तस्वीर का पता चल सके, वही असली संगत दर्शन है। उन्होंने मांग की कि हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं को घोषित की गई एक-एक लाख रुपये की राशि कम है तथा इसे बढ़ाकर 5-5 लाख रुपये किया जाए।
विधायक अरोड़ा ने बताया कि सफाई सेवकों की कमी के कारण होशियारपुर गंदगी के ढेर पर रह रहा है, इसलिए जल्द से जल्द सफाई सेवकों की भर्ती की जाए ताकि होशियारपुर वासियों को बीमारियों से बचाया जा सके। विधायक अरोड़ा ने कहा कि अगर वे होशियारपुर को कुछ देना ही चाहते हैं तो वे होशियारपुर में लड़कियों के लिए सरकारी कालेज दें, क्योंकि होशियारपुर साक्षरता की दर में आगे है तथा यहां पर सैक्स रेशो भी काफी अच्छी है।

पत्रकारों के साथ बातचीत में विधायक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता को गुमराह करके संगत दर्शन के माध्यम से विकास का मसीहा होने का दावा करते हैं, परन्तु अब लोग इनके झांसे में आने वाले नहीं हैं।











