पूर्व डी.एस.पी. व भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला | Report-Sandeep Dogra/lakhwinder Lucky (Video)

-मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम- होशियारपुर। पंजाब के जिला होशियारपुर के चंडीगढ़ रोड पर आज सुबह पौने 6 बजे उस समय दहशत का माहौल व्याप्त हो गया जब एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने शहर के वार्ड नंबर 10 के पार्षद एवं भाजपा के दलित नेता पूर्व डी.एस.पी. मलकीत सिंह पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में मलकीत सिंह को गंभीर चोटें आई। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया वहीं अस्पताल पहुंच कर घायल मलकीत सिंह से घटनाक्रम की जानकारी हासिल की। पार्षद मलकीत सिंह ने बताया कि वे रोज की तरह सुबह साइकिल पर जब सैर करने के लिए चंडीगढ़ रोड पर पहुंचे तो करीब पौने 6 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवाओं ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए। पार्षद पर हमले की सूचना मिलने पर पार्षद तीक्ष्ण सूद ने चंडीगढ़ से फोन पर बात करके उनका हाल चाल जाना और पुलिस को हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। सिविल अस्पताल में मेयर शिव सूद, भाजपा जिला अध्यक्ष डा. रमन घई एवं होशियारपुर के समस्त भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका कुशलक्षेम पूछा। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डा. रमन घई ने पार्षद पर हुए हमले को लेकर एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चाहल से बात करके हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में अमन कानून की स्थिति को सख्ती के साथ बहाल करने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
गौरतलब है कि होशियारपुर में पिछले कुछ दिनों से गुंडागर्दी और लूटपाट की घटनाओं में हो रहे इजाफे ने जहां पुलिस की नींद उड़ा रखी है वहीं गुंडों के आतंक से आम आदमी भी पूरी तरह से डरा सहमा है। आज की घटनाक्रम ने पुलिस के शहर में सुरक्षा व्यवस्था के सभी दावों की पोल खोल दी है।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here