
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर के पूर्व डीसी व तत्कालीन चयन बोर्ड के चेयरमेन सुरेंद्र मोहन कटवाल की हमीरपुर जेल की रात नींद के इंतज़ार करते करते बीती। सुप्रीम कोर्ट से भी सेशन कोर्ट हमीरपुर द्वारा दी गयी सज़ा बरकऱार रखने के आदेशों के बाद कटवाल भूमिगत हो गये थे, लेकिन पुलिस उन्हें लगातार तलाश करती रही। मंगलवार को विजिलेंस की टीम उन्हें ऊना से पकड़ कर हमीरपुर कोर्ट ले आई थी।

हमीरपुर में आम कैदियों के बीच ही रहे कटवाल, बुधवार सुबह चाय पीकर पुलिस टीम के साथ कंडा जेल रवाना
अतिरिक्त सेशन जज हमीरपुर अजय मेहता की अदालत में पेश करने के बाद कटवाल को सज़ा काटने के लिए कंडा जेल का वारंट तैयार किया गया। मंगलवार की रात कटवाल को हमीरपुर सबजेल में रखा गया। विजिलेंस की टीम देर सायं को उसे दोसडक़ा स्थित सबजेल हमीरपुर ले गयी और जेल प्रशासन के सपुर्द कर दिया। सूत्र बताते हैं कि कटवाल ने करीब नौ बजे मूँगी की दाल व चपाती खाई। बुधवार को हमीरपुर जेल में कटवाल को चाय पिलाई गयी और पुलिस टीम कऱीब 8:30 बजे एस.एम. कटवाल को कंडा जेल के लिए ले गयी। करीब एक साल कटवाल अब कंडा जेल में रहेंगे।












