
होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: मुक्ता वालिया। जिलाधीश ईशा कालिया ने जिला रैड क्रास सोसायटी की ओर से चलाई जा रही सांझी रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ आई.ए.एस (अंडर ट्रेनिंग) गौतम जैन भी विशेष तौर पर मौजूद थे।

सांझी रसोई के निरीक्षण के दौरान जिलाधीश ने खाने की गुणवत्ता पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि जिला रैड क्रास सोसायटी की ओर से चलाया रहा यह एक बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने रैड क्रास सोसायटी के सचिव नरेश गुप्ता को हिदायत देते हुए कहा कि सांझी रसोई में खाने की गुणवत्ता के साथ किसी तरह का कोई समझौता न किया जाए और खाना बनाने से लेकर परोसने तक साफ-सफाई का उचित ध्यान रखा जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए कि मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत वे समय-समय सांझी रसोई के खाने की क्वालिटी की चैकिंग करें। जिलाधीश ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग अपने यादगार दिन बुक-ए-डे योजना के अंतर्गत पहले से ही बुक कर लें और इन यादगार पलों को सांझी रसोई में लोगों के साथ सांझा करें। उन्होंने कहा कि जिला रैड क्रास सोसायटी की ओर से 10 रु पये में पेट भर खाना खिलाने वाला यह प्रोजेक्ट निर्विघ्न चलता रहे, इसके लिए शहर वासी यथा संभव अपना योगदान दें।
जिलाधीश के औचक दौरे के दौरान चक्रवर्ती जोशी निवासी बुधराम कालोनी होशियारपुर की ओर से अपने बेटी अर्चना व दामाद विशाल के विवाह की वर्षगांठ की खुशी बुक-ए-डे योजना के अंतर्गत सांझी की जा रही थी। इस परिवार को जिलाधीश ने जिला रैड क्रास सोसायटी के सदस्यों व शहर के गणमान्यों की उपस्थिति में सम्मान चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर जिला रैड क्रास सोसायटी के सदस्य राजीव बजाज, राकेश कपिला, निशी मोदी, करमजीत कौर आहलूवालिया, भूपिंदर गुप्ता के अलावा अतुल जोशी, देव करन शर्मा व कुमारी गुंजर भी उपस्थित थे।











