
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गत वीरवार को पंजाब दौरे के बाद पंजाब का माहौल बदल गया है। जिस तरह अपने हरमन प्यारे नेता मोदी जी को सुनने लोग गुरदासपुर पहुंचे थे, उसने आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा की तीनों सीटो की जीत सुनिश्चित कर दी है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, जिलाध्यक्ष विजय पठानिया, मेयर शिव सूद व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगतार सिंह सैनी ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि सभी नेताओं ने गुरदासपुर की रैली में भारी संख्या में होशियारपुर से भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। तीक्ष्ण सूद ने कहा कि होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र से 85 बसों में सवार होकर कार्यकर्ता मोदी जी के विचार सुनने गुरदासपुर की रैली में गए थे। होशियारपुर से इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का भाग लेना इस बात का संकेत है,कि कांग्रेस के पापों का घड़ा अब भर चुका है और लोग अपने साथ हुई ठगी का बदला लेने को तैयार है।
विज्ञप्ति में मेयर शिव सूद ने कहा कि मोदी जी की रैली में हर वर्ग, जाति, धर्म के लोगो ने शिरकत की जोकि प्रदेश भाजपा के उज्ववल भविष्य के लिए शुभ संकेत है। क्योंकि प्रदेश में बेशक सरकार कांग्रेस की है और रैली को कमजोर करने के लिए वर्करों को डराया-धमकाया भी गया लेकिन कार्यकर्ताओं के दृढ़ मनोबल से ही रैली सफल हुई।जिलाध्यक्ष विजय पठानिया ने कहा कि जिले से कुल 100 बसों के काफिले के रुप में गुरदासपुर रैली में भाग लेकर कार्यकर्ताओं ने जिला होशियारपुर का नाम प्रदेश में ऊंचा किया है। कार्यकर्ताओ का यही समर्पण और प्यार भाजपा को तीनों सीटो पर ऐतिहासिक जीत दिलाएगा।












