
गगरेट (द स्टैलर न्यूज़)। लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसी के चलते प्रदेश सोशल मीडिया के पूर्व संयोजक देवी लाल सांडिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीजेपी की 5 साल की कारगुजारी क्या रही है इसका जवाब उन्हें देना आवश्य है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के प्रत्याशियों पर सवाल उठाने से पहले एक बार अपने गिरेवान में झांक कर देख लें और फिर बताएं कि ऐसी क्या नौबत आ गई थी जो बीजेपी को अपने दो विजयी रहे प्रत्याशी बदलने पड़ गए। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि माननीय मोदी, शांता विजन डोक्युमेंट और 5 साल के रिपोर्ट कार्ड पर बात करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल स्थाई बना हुआ है जिसके खौफ को देखते हुए बीजेपी पसोपेश में आ रही है, जिस कारण उन्हें अपने दिग्गजों तक के टिकट काटने पड़े। देवीलाल ने कहा कि बीजेपी मोदी के नाम पर वोट मांग रही है परंतु, अच्छा होता यदि बीजेपी अपने प्रत्याशियों के चेहरे, उनकी छवि तथा विकास के नाम पर वोट मांगती। इस दौरान देवीलाल ने बीजेपी सरकार पर युवा वर्ग का अपमान करने की बात कही और कहा कि देश की आधी आबादी युवा वर्ग की है और लोकसभा चुनावों में युवाओं की अहम भूमिका रहेगी क्योंकि वो ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में बीजेपी को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और चारों सीटों पर कांग्रेस काबिज होगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी हर बूथ पर 5 मतदाताओं पर एक पंजा प्रमुख नियुक्त करेगी। जिसकी घोषणा जल्द ही प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कर दी जाएगी।











