भगवान की कथा और लीलाओं के सभी पहलुओं को समझना जरुरी: साध्वी समीक्षा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री राम चरित मानस प्रचार मण्डल की तरफ से श्री राम भवन चांद नगर, बहादुरपुर में कगरवाई जा रही संगीतमयी श्रीराम कथा के चौथे दिन की कथा का शुभारंभ साध्वी समीक्षा जी द्वारा भगवान की महिमा के गुणगान सी की गई। इस मौके पर उन्होंने बताया कि भगवान के अवतार के अनेक कारण है। मां भवानी ने भगवान भूत भावन (शंकर जी) से पूछा कि अयोध्या की पावन भूमि पर भगवान श्री राम जी का अवतार कैसे हुआ। भूत भावन प्रभु बोले कि हे देवी श्री राम जी के अवतार के अनेक कारण हैं जो एक से बढक़र एक हैं।

Advertisements

उन्होंने बताया कि नारद जी का श्राप था, क्योंकि जब नारद जी का काम विजय मान मरदन करने के लिए विश्व मोहनी को माध्यम बनाकर प्रभु ने जो लीला रची उससे कुपित होकर नारद जी ने प्रभु को श्राप दिया था। क्योंकि प्रभु ने नारद जी को बंदर का रुप प्रदान कर नारद जी का विवाह नहीं होने दिया। तब नारद जी ने श्राप दिया कि जब प्रभु का विवाह होगा और उनकी धर्मपत्नी का हरण होगा तब इसी बंदर स्वरुप से ही प्रभु की सहायता होगी।

उन्होंने कहा कि हम श्री राम से बहुत प्रेम करते हैं इसीलिए हमें राम कथा के सिर्फ एक पहलू को नहीं, बल्कि तथ्य के पीछे के सभी पहलुओं को समझने का प्रयास करना चाहिए। साध्वी जी ने, सो सुख धाम राम अस नामा। अखिल लोक दायक विश्रामा।। चौपाई के माध्यम से भगवान की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जो जन्म लेते ही सारे लोगों को सुख देने का प्रबल सामर्थय रखता है उन्हीं भगवान का नाम श्री राम है, वही निर्गुण है, वही सगुण है, वही साकार और वही निराकार है।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद व मेयर शिव सूद द्वारा साध्वी समीक्षा जी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पार्षद मोहन लाल पहलवान, जगदीश पटियाल, सुनील प्रिया, मोहिंदर पाल गुप्ता, प्रधान हरीश सैनी, वरिंदर चोपड़ा, तिलक राज वर्मा, जे.के. शर्मा, ए.पी. गौतम, पंडित श्रीराम शास्त्री, हरीश खन्ना, अनिरुद्ध शर्मा, शांति स्वरुप शर्मा, अश्विनी शर्मा, बलवीर कुमार, कुलदीप मल्होत्रा, अरुण ऐरी व अन्य शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here