
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के फतेहगढ़ चौक पर आज उस समय तनाव एवं अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया जब रंभा सेठी मार्ग न बनाए जाने से गुस्साए मोहल्ला निवासियों ने पार्षद मीनू सेठी की अगुवाई में जाम लगाकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्षद मीनू सेठी ने बताया कि लंबे समय से अनदेखी का शिकार रहे रंभा सेठी मार्ग का कार्य कुछ दिन पहले शुरु हुआ था, मगर पहले एकाध दिन कार्य करके लेबर वहां से चली गई और पुन: जब उन्होंने भूख हड़ताल की चेतावनी दी तो प्रशासन ने आश्वासन देकर एक रोड़ रोलर को इलाके में भेज दिया था, जिससे सभी को मार्ग बनने की उम्मीद जगी थी।

परन्तु एकाध दिन काम किया गया, मगर अब काम बिलकुल बंद कर दिया गया है। जिसके चलते उनमें व प्रत्येक मोहल्ला निवासी में रोष है और उन्हें जाम लगाने को मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने जाम के कारण राहगीरों को पेश आई समस्या के लिए खेद प्रकट किया। उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा एक तरफ पंजाब सरकार ने शहर के विकास के लिए एक रुपये की भी ग्रांट जारी नहीं की है तथा जो फंड नगर निगम के हैं उनसे अगर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं तो निगम अधिकारियों की उदासीनता के कारण वे भी अधर में लटक रहे हैं। इस अवसर पर पार्षद सेठी व मोहल्ला निवासियों ने कड़े शब्दों में कहा कि अगर सडक़ का कार्य जल्द से जल्द पूरा न करवाया गया तो पक्के तौर पर जाम लगाकर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर पहुंचे निगम अधिकारियों ने 14 नवंबर दिन वीरवार को काम करवाए जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला।
इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष पार्षद सुरेश भाटिया बिट्टू, संजू अरोड़ा के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व मोहल्ला निवासी किरण सैनी, चंचला देवी, इंदू, भजन कौर, पलविंदर कौर, पवन सैनी, राजेश सैनी, विकास तलवाड़, राज महमी, भानू, अभिषेक, संजय, कुलविंदर, बिट्टू, दिनेश सैनी, गोल्डी, सुधीर कुमार, स्नेहलत्ता, विरेन्द्र धामी, संदीप सैनी, अनूप कुमार, अनुज शर्मा, विजय कुमार, संजू, जतिंदर, महिंदरपाल, राजन शर्मा, करण, वरिंदर सैनी, जीवन शर्मा, हरविंदर ठाकुर, सतपाल सैनी, डा. चमन लाल, राजरानी सहित अन्य लोग मौजूद थे।












