Sunday, October 25, 2026
Home Hoshiarpur देरी बनी जंजाल: इंतजार और स्वागत की भेंट चढ़ा बजट

देरी बनी जंजाल: इंतजार और स्वागत की भेंट चढ़ा बजट

रिपोर्ट: कै. मुनीष किशोर।
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर नगर निगम में 30 मार्च वीरवार का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण था। आज के दिन निगम का बजट पास किया जाना था। परन्तु स्वागत और इंतजार में बैठक ऐसी उलझी कि बजट एक दिन के लिए टालना पड़ा और अब यह बजट 31 मार्च को पास किए जाने का फैसला हुआ।

Advertisements

हुआ यूं कि वीरवार 30 अप्रैल को निगम का बजट पास किए जाने संबंधी 11 बजे हाउस की बैठक रखी गई थी। इस बैठक में होशियारपुर विधायक के पहली बार बतौर विधायक निगम में पहुंचने संबंधी तैयारी की गई और उनके स्वागत के लिए बुके इत्यादि भी मंगवाए गए थे व चायपान का भी प्रबंध किया गया था। इतना ही नहीं कमिशनर के समय पर न पहुंचने से भी बैठक में देरी होती रही और कांग्रेसी पार्षद भी समय पर हाउस में नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं समय दिए जाने के बावजूद विधायक भी बैठक में देरी से पहुंचे, जबकि कांग्रेसियों का कहना था कि विधायक समय पर आ गए थे तथा बैठक शुरु होने का इंतजार कर रहे थे। जिसे लेकर हाउस में मौजूद अकाली-भाजपा और आप के पार्षद ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया और बैठक शुरु नहीं हो पाई। 

अत: बैठक 31 मार्च के लिए टाल दी गई और करीब आधा घंटा पशोपेश के बाद जब पार्षद बैठक हाल से बाहर आ रहे थे तो विधायक निगम पहुंचे। उस दौरान निगम के एक अधिकारी ने सत्ता पक्ष के पार्षदों को नीचे आकर स्वागत करने की बात कही। जिसका पार्षदों ने विरोध किया और उन्होंने कहा कि जब विधायक जी हाउस में आएंगे वे स्वागत कर देंगे। मौके पर मौजूद अधिकारियों के लिए असमंजस की स्थिति बन गई, क्योंकि पंजाब में सत्ता पर कांग्रेस आसीन है और नगर निगम पर भाजपा-अकाली का कब्जा है। एक तरफ भाजपा-अकाली वाले कांग्रेसियों को समय पर आने की नसीहत दे रहे थे तो दूसरी तरफ कांग्रेसियों का कहना था कि भाजपा-अकाली वाले जानबूझकर ऐसा माहौल पैदा करते हैं। उन्होंने जितनी मनमर्जी करनी थी कर ली है तथा अब प्रदेश में सरकार कांग्रेस की है और अब काम उनके हिसाब से होगा।

हालांकि इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मियों व कांग्रेसियों ने पहली बार निगम पहुंचने पर विधायक जी का स्वागत किया, वहीं अब यह देखना होगा कि 31 मार्च को होने वाली बैठक में निगम जनता को क्या-क्या सौगात देती है और कितने की आमदन व विकास कार्यों को हरी झंडी दी जाती है। फिलहाल 30 मार्च को निगम में जो हाईप्रोफाइल ड्रामा हुआ उसे लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार खूब गर्म है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here