Sunday, October 25, 2026
Home Himachal मुख्यमंत्री ने 73.10 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण व...

मुख्यमंत्री ने 73.10 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण व रखी आधारशिलाएं

ऊना (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र में लगभग 73.10 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए व आधारशिलाएं रखीं।

Advertisements

जय राम ठाकुर ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अन्तर्गत नकड़ोह खड्ड पर सुनकाली से गोकल नगर सम्पर्क सडक़ मार्ग पर 1.67 करोड़ रुपये की लागत से बने 73 मीटर लंबे पुल, नाबार्ड के अन्तर्गत बन्ने-दी-हट्टी से शिवपुर निचला मुबारिकपुर सडक़ पर 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 मीटर लंबे पुल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुबारिकपुर में 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला और 49 लाख रूपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने जलजीवन मिशन के अन्तर्गत गगरेट ब्लॉक में शेष घरों के लिए 26.81 करोड़ रूपये की पाईप लाईन जलापूर्ति योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अन्तर्गत 12.07 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शिवबाड़ी से ध्वाली सडक़, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अन्तर्गत 10.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ब्रह्मपुर से भद्रकाली जालू-दी-बड़ चिंतपूर्णी सडक़, भद्रकाली में 8.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गगरेट के भवन, नाबार्ड के अंतर्गत 6.52 करोड़ रुपये की लागत से गगरेट ऊना सडक़ पर मावा सिंधियां, संघनई, घनारी और अम्बोआ खड्ड पर बनने वाले चार पुलों, घनारी में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तहसील भवन और 1.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के अतिरिक्त भवन की आधारशिलाएं रखीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने समूचे विश्व की वैश्विक अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इस संक्रमण से विकास की गति प्रभावित न हो, इसलिए प्रदेश के विभिन्न भागों में विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिलाएं और लोकार्पण आरम्भ कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने इस महामारी से लडऩे के लिए प्रदेश सरकार को हर संभव सहायता प्रदान की है। केन्द्र सरकार ने इस संक्रमण से निपटने के लिए 1.16 लाख पीपीई किट, लगभग तीन लाख एन-95 मास्क और 500 वेंटिलेटर राज्य को प्रदान किए हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि इस महामारी से लडऩे के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है और परीक्षा की इस घड़ी में पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश की विकासात्मक जरूरतों के प्रति हमेशा से उदार रहे हैं। उन्होंने केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का केन्द्रीय स्तर पर प्रदेश से जुड़े मामलों को प्रभावशाली तरीके से रखने के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र में कार्यान्वित होने वाली परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे न केवल क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी बल्कि बढ़ती लागत पर भी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा आज रखी गई परियोजनाओं की आधारशिलाओं के कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि विकास की गति निर्बाध चलती रहेगी और आने वाले समय में इसमें और अधिक तेजी आएगी।

केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकारें प्रदेश में समग्र और तीव्र विकास को सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेल लाईन नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गगरेट के लोगों ने कोविड-19 महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में क्षेत्र के लोगों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश में इस महामारी से लडऩे के लिए अलग से 15 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

उन्होंने आशा जताई कि देश जल्द ही इस संकट की घड़ी से बाहर आ जाएगा। गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गगरेट खण्ड के लिए जलापूर्ति योजना से क्षेत्र के 48 गांवों और 173 बस्तियों के लोगों को बेहतर पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से भी अवगत करवाया। भाजपा राज्य कार्यकारी समिति सदस्य राम मूर्ति शर्मा ने प्रदेश की कल्याणकारी और विकासात्मक योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा भाजपा गगरेट मण्डल अध्यक्ष सतपाल ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here