

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़) रजनीश शर्मा : कोरोना की तीसरी लहर से बचने और सुरक्षित रहने के लिए बेशक लोग अब खुद सेंटर पर पहुंच कर टीका लगवा रहे हैं लेकिन टौनी देवी स्वास्थ्य खंड में अभी भी 4621 लोग पहली डोज लगवाने नहीं आए। यह स्थिति इसलिए चिंताजनक है क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के बेहतर प्रचार व प्रसार के बावजूद लोग वैक्सीन लगवाने नजदीकी वैक्सीन सेंटर पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इनमें से कुछ लोग गंभीर बीमारी से पीड़ित हैैं और कुछ प्रवासी मजदूर भी हैं।स्वास्थ्य विभाग , आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा जुटाई गई यह जानकारी बीएमओ टौनी देवी द्वारा उपायुक्त हमीरपुर को भेजी गई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार टीका लगवाने का अंतिम दिन रखा गया है। इसके बाद टीकाकरण अभियान की समीक्षा की जायेगी। इस बारे में बीएमओ टौनी देवी डॉक्टर केके शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य खंड में टीकाकरण अभियान जोरों पर चला हुआ है। 4621 लोगों ने पहला टीका नहीं लगवाया जिसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है। कोविड सेंटर टौनी देवी के पर्यवेक्षक डॉक्टर विवेक शर्मा ने बताया कि शनिवार तक शतप्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। जिन लोगों ने अभी तक पहली डोज भी नहीं लगवाई , उनकी सूची प्रशासन को भेज दी गई है। सीएमओ हमीरपुर डॉक्टर आरके अग्निहोत्री ने बताया कि पिछले तीन दिनों में पहला टीका न लगवाने वाले घरों से निकले हैं। शनिवार टीकाकरण का अंतिम दिन रखा गया है। इसके बाद आंकड़े एकत्रित कर टीका न लगवाने वाले लोगों को चिन्हित किया जाएगा।











