अनुराग ठाकुर ने मुकेरियां से भाजपा प्रत्याशी जंगी लाल महाजन के पक्ष में की चुनावी रैली

मुकेरिया (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दाना मंडी भंगाला में मुकेरियां से भाजपा प्रत्याशी जंगी लाल महाजन के पक्ष में चुनावी रैली की, जिसमें संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमांत राज्य है जिसने आतंकवाद की लंबी अवधि को सहन किया है और पंजाब तभी समृद्ध और खुशहाल होगा जब इसकी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी लेकिन कुछ लोग राजनीति के चक्र में पंजाब की शांति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

Advertisements

वहीं अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने देश हित में ऐतिहासिक काम किया है और भविष्य की विभिन्न योजनाओं को लागू करके लोगों के जीवन को आसान बनाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और भारतीय सेना का आधुनिकीकरण कर देश को मजबूत बनाने का काम किया है। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि एक तरफ केजरीवाल के पास खालिस्तान के सपने हैं जबकि सबसे बड़ा सपना पीएम बनने का है जिसके लिए वह लगातार झूठ बोल रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार में एक भी सिख या महिला मंत्री नहीं है। पंजाब एवं पंजाबी समर्थक होने का नाटक कर रही आप के पास कोई रोड मैप नहीं है क्योंकि दिल्ली में आप सरकार ने पंजाबी भाषा की गरिमा बनाए रखने के लिए पंजाबी शिक्षकों की भर्ती तक नहीं की। ठाकुर ने कहा कि ‘आप’ का मतलब अरविंद एंटी पंजाब पार्टी है।
अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा कि चन्नी सरकार ने केवल 111 दिनों का शासन किया है और इस दौरान उन्होंने केवल अपना और अपने परिवार का पेट भरा है इसलिए अब उनके पास झूठ बोलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने, किसानों का कर्ज माफ करने, युवाओं को घर-घर जाकर रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस ने इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि जो सरकार पंजाब में देश के प्रधानमंत्री को सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकी, वह पंजाबियों को सुरक्षित नहीं रख पाएगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार किसानों को 6 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है, इसी तरह आने वाले दिनों में जहां बेरोजगारों के लिए नए रोजगार सृजित होंगे और 4000 रुपये बेरोजगारी भत्ता के रूप में प्रदान किए जाएंगे, वहीं पंजाब के ढांचागत विकास पर 1 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही पंजाब में 13 मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से 5 एकड़ से कम भूमि वाले किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा जबकि भूमिहीन किसानों को 1 लाख एकड़ भूमि वितरत की जाएगी।
अनुराग ठाकुर ने अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए भाजपा को आगे लाना चाहिए जिसके लिए राज्य का हर मतदाता भाजपा को वोट दे।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, मास्टर मोहन लाल पठानकोट, जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास, जिला महासचिव अजय कौशल सेठू, संग्राम सिंह, प्रदीप कटोच, रघुनाथ राणा, विक्रम सिंह शंभू नाथ भारती, संदीप मिन्हास, हरबंस सिंह मांझपुर, कृपाल सिंह गेरा, सुनील कुमार डिंपी, रणजोध सिंह कुक्कू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here