Friday, October 23, 2026
Home Chandigarh सामाजिक सुरक्षा मंत्री ने 38 कोविड प्रभावित बच्चों को प्रधानमंत्री केयर्स स्कीम...

सामाजिक सुरक्षा मंत्री ने 38 कोविड प्रभावित बच्चों को प्रधानमंत्री केयर्स स्कीम के अंतर्गत सहमति पत्र सौंपे

चंडीगढ़(द स्टैलर न्यूज़): पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज कोविड के कारण अनाथ हुए पंजाब के 38 बच्चों को वित्तीय सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री केयर्स स्कीम के सहमति पत्र सौंपे। इन बच्चों का चयन जि़ला मैजिस्ट्रेट द्वारा प्रधानमंत्री केयर स्कीम के लिए किया गया था, जिसके अंतर्गत इन बच्चों को 18 साल की उम्र होने पर 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा इस स्कीम के अंतर्गत सरकारी स्कूलों, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों, केंद्रीय विद्यालयों, प्राईवेट स्कूलों में मुफ़्त शिक्षा देने के साथ-साथ किताबें और वर्दी का खर्चा भी दिया जाएगा।
यह समारोह आज देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों और जि़ला स्तर पर आयोजित किया गया। पंजाब राज्य में यह आयोजन कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में पंजाब सिविल सचिवालय में आयोजित किया गया। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि इस दुख की घड़ी में इन बच्चों को 50 हज़ार रुपए की एक्स ग्रेशिया भी दी जाएगी, जबकि 18 साल तक की उम्र तक प्रति बच्चा 4000 रुपए प्रति महीना स्पॉनसरशिप लाभ, 23 साल की उम्र तक 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा ‘‘भारत में उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए बच्चों को शैक्षिक ऋण भी प्रदान किया जाएगा और इस ऋण का ब्याज प्रधानमंत्री केयर्स के ज़रिये अदा किया जाएगा।’’
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले ही इन बच्चों को सरकारी संस्थानों में ग्रैजूएशन तक मुफ़्त शिक्षा प्रदान कर रही है, इसके अलावा बच्चों और उनके परिवारों को आमदन या अन्य योग्यता के मापदण्डों की परवाह किए बिना तुरंत सामाजिक सुरक्षा पेंशन के घेरे में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लड़कियों की उम्र 18 साल की हो जाने के उपरांत उनके विवाह के समय आशीर्वाद योजना का लाभ दिया जाएगा। ‘‘इस योजना के अंतर्गत, प्रति लाभार्थी 51,000 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी। इसके अलावा राज्य सरकार की ‘सरबत सेहत बीमा योजना’ के अंतर्गत राज्य स्मार्ट राशन कार्ड योजना का लाभ उन तक पहुँचाया जा रहा है। घर-घर रोजग़ार और कारोबार मिशन के अंतर्गत भी उनको हर तरह की सहायता दी जा रही है।’’ इस मौके पर अन्यों के अलावा डायरैक्टर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास श्री अरविन्द पाल सिंह संधू, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर मोहाली अमनिन्दर कौर बराड़, ज्वाइंट डायरैटर गुरजिन्दर सिंह मौड़ और जि़ला बाल सुरक्षा अधिकारी नवप्रीत कौर उपस्थित थे।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here